
बजाज पुणे ग्रँड टूर 2026: तीसरे चरण में कैमरून स्कॉट विजेता, ल्यूक मुडग्वे की येलो जर्सी बरकरार
पुणे, विशाल समाचार—‘बजाज पुणे ग्रँड टूर 2026’ का तीसरा चरण अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण रहा। पश्चिम घाट के प्रवेशद्वार पर हुए इस कठिन मुकाबले में चीन की ‘ली निंग स्टार’ टीम के कैमरून निकोलस स्कॉट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। स्कॉट ने 137 किलोमीटर की दूरी 3 घंटे 4 मिनट 13 सेकंड में पूरी की। वहीं, कुल रैंकिंग में शीर्ष पर रहते हुए ल्यूक मुडग्वे ने अपनी येलो जर्सी पर कब्जा बनाए रखा।
इस चरण की शुरुआत सासवड नगर परिषद के चंदन टेकड़ी से दोपहर 12:30 बजे हुई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और पुणे के पालकमंत्री अजित पवार ने हरी झंडी दिखाकर रेस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार, विधायक विजय शिवतारे, पूर्व विधायक संजय जगताप, नगराध्यक्ष आनंदी जगताप, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, महाराष्ट्र ओलंपिक संघटना के सचिव संजय शेटे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
रेस के दौरान साइकिल सवार बारामती की ओर बढ़े और विद्या प्रतिष्ठान के पेंसिल चौक के पास फिनिश लाइन नजदीक आते ही मुकाबला और रोमांचक हो गया। अंतिम चरण में स्कॉट ने रफ्तार बढ़ाते हुए स्पेन की बुर्गोस बुर्पेललेट बीएच टीम के जॉर्जिओस बुग्लास को पीछे छोड़ दिया, जो दूसरे स्थान पर रहे। बेल्जियम की टार्टेलेटो-आयसोरेक्स टीम के तिमोथी ड्युपॉन्ट तीसरे स्थान पर रहे। मलेशिया की तेरेंगानू साइक्लिंग टीम के झेब कायफिन चौथे स्थान पर रहे। पहले दो चरणों के विजेता ल्यूक इस बार छठे स्थान पर रहे, लेकिन उन्होंने बेस्ट स्प्रिंटर के लिए ग्रीन जर्सी हासिल की और कुल रैंकिंग में बढ़त बनाए रखते हुए येलो जर्सी अपने नाम रखी।
तीन चरणों के बाद ल्यूक कुल 7 घंटे 36 मिनट 10 सेकंड के साथ पहले स्थान पर हैं और थाईलैंड की रुजाई इंश्योरेंस विन्स्पेस टीम के कार्टर एलन बेटल्स से वे केवल 14 सेकंड आगे हैं।
विजेता कैमरून स्कॉट ने कहा कि यह चरण उम्मीद से कहीं ज्यादा कठिन था। शुरुआती दो चढ़ाई वाले रास्ते काफी चुनौतीपूर्ण थे और हवा के खिलाफ साइकिल चलाना मुश्किल था, लेकिन घुमावदार सड़कों पर साइकिलिंग का अनुभव बेहद रोमांचक रहा।
अब सभी की नजरें शुक्रवार को होने वाले अंतिम चौथे चरण ‘पुणे प्राइड लूप’ पर हैं। यह चरण 95 किलोमीटर का होगा, जो पुणे के ऐतिहासिक शनिवारवाड़ा और आधुनिक क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। यह मार्ग बालेवाड़ी से जे.एम. रोड तक रहेगा।
महत्वपूर्ण जर्सी और विजेता
✅ येलो जर्सी (कुल विजेता) – ल्यूक मुडग्वे
✅ ग्रीन जर्सी (बेस्ट स्प्रिंटर) – जॉर्जिओस बुग्लास (बुर्गोस बुर्पेललेट बीएच)
✅ पोल्का डॉट जर्सी (किंग ऑफ माउंटेन्स) – क्लेमेंट अलेनो (बुर्गोस बुर्पेललेट बीएच)
✅ ऑरेंज जर्सी (बेस्ट एशियन राइडर) – जंबालजाम्तस सैनबायर (बुर्गोस बुर्पेललेट बीएच)
✅ व्हाइट जर्सी (बेस्ट यंग राइडर) – व्हिएगो टिजसेन (विलरप्लोईग ग्रूट एम्स्टर्डम)
✅ ब्लू जर्सी (भारत का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) – हर्षवीर सिंह


