
गणतंत्र दिवस 2026: कर्तव्य पथ पर वायुसेना का शौर्य, राष्ट्रपति ने फहराया तिरंगा
नई दिल्ली विशाल समाचार:भारत ने सोमवार को 26 जनवरी 2026 को पूरे देश में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर भारतीय वायुसेना ने राफेल, सुखोई और मिग-29 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की गर्जना के साथ आकाश में अद्भुत करतब दिखाए। वायुसेना के विमानों द्वारा बनाए गए ‘सिंदूर फॉर्मेशन’ ने आसमान को देशभक्ति के रंगों से भर दिया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड में देश की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों ने भारत की समृद्ध विरासत और विकास यात्रा को दर्शाया।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रही, जो राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक यात्रा और उसके राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करती है।
गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ था, जिसके साथ भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह दिन देश के नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रतीक है।


