
एआरएआई द्वारा आयोजित 19वें एसआईएटी-2026 का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने किया
पुणे, विशाल समाचार संवाददाता
ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई) द्वारा आयोजित ‘सिम्पोजियम ऑन इंटरनेशनल ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (एसआईएटी-2026)’ का उद्घाटन आज केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के हाथों किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 30 जनवरी 2026 तक मोशी स्थित पुणे इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (PIECC) में आयोजित किया जा रहा है।
एआरएआई के हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित इस 19वें संस्करण की थीम “सुरक्षित और सतत गतिशीलता के लिए नवोन्मेषी मार्ग” रखी गई है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री द्वारा ग्लोबल ऑटोमोटिव सेफ्टी रेगुलेशंस बुक, एसआईएटी-2026 प्रोसीडिंग्स और टेक्निकल रेफरेंस बुलेटिन का विमोचन भी किया गया।
अपने संबोधन में एच. डी. कुमारस्वामी ने भारत के ऑटोमोटिव क्षेत्र में एआरएआई के 60 वर्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और इसमें ऑटोमोटिव उद्योग की अहम भूमिका है। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीक आधारित मोबिलिटी समाधानों को बढ़ावा देने पर सरकार के फोकस को भी रेखांकित किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा, फोर्स मोटर्स के प्रबंध निदेशक एवं एआरएआई गवर्निंग काउंसिल के उपाध्यक्ष प्रसन्न फिरोदिया, एआरएआई के निदेशक डॉ. रेजी मथाई और वरिष्ठ उपनिदेशक डॉ. एन. एच. वालके सहित उद्योग जगत के अनेक वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसआईएटी-2026 के तहत वाहन सुरक्षा, इलेक्ट्रिक व हाइड्रोजन मोबिलिटी, ऑटोनॉमस ड्राइविंग, एडीएएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भविष्य की ऑटोमोटिव तकनीकों पर तकनीकी सत्रों और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। सम्मेलन में 10 देशों के 275 से अधिक प्रदर्शक और 3,000 से ज्यादा ऑटोमोटिव विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।



