
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का किसानों व श्रमिकों से सीधा संवाद, आजीविका गारंटी मिशन की जानकारी साझा
रायबरेली में विकसित भारत–जी राम जी जनजागरण अभियान के तहत कृषक–श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन
रायबरेली/लखनऊ, विशाल समाचार
प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने आज जनपद रायबरेली की सदर विधानसभा के विकास खंड राही स्थित ग्राम पीतम्बरपुर, सरेनी विधानसभा के ग्राम चांदा टिकर तथा ऊंचाहार विधानसभा के ग्राम खजुरी में विकसित भारत–जी राम जी जनजागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित कृषक–श्रमिक ग्राम चौपाल में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों एवं श्रमिकों से सीधा एवं सार्थक संवाद किया।
ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकसित भारत और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में किसानों एवं श्रमिकों के बीच योजना को लेकर विशेष उत्साह, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।
राज्यमंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह मिशन ग्रामीण भारत को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत श्रमिक भाइयों को 125 कार्य दिवसों की गारंटी, ग्रामीण क्षेत्रों में सुनिश्चित रोजगार, समय पर साप्ताहिक मजदूरी भुगतान तथा आजीविका में स्थायित्व एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल श्रमिक परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों और श्रमिकों की सहभागिता से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा और यह अभियान गांव-गांव तक समृद्धि का संदेश पहुंचाने का कार्य करेगा।


