सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय से जारी हुआ पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का शोक संदेश
पुणे/मुंबई। विशाल समाचार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित दादा पवार के निधन पर पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल द्वारा जारी शोक संदेश को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। यह शोक पत्र सूचना एवं जनसंपर्क प्रसारण अधिकारी कार्यालय की ओर से आधिकारिक रूप से जारी किया गया है।
मराठी भाषा में जारी इस शोक संदेश में प्रतिभा पाटिल ने अजित दादा पवार के निधन को महाराष्ट्र की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया है। पत्र में उनके स्वच्छ छवि वाले नेतृत्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और राज्य के विकास में दिए गए योगदान का विस्तार से उल्लेख किया गया है।
शोक संदेश में कहा गया है कि अजित दादा पवार एक कर्मठ, स्पष्टवादी और जनसमस्याओं को समझकर त्वरित समाधान करने वाले नेता थे। उनके कार्यकाल में जल संसाधन, कृषि विकास और ग्रामीण महाराष्ट्र के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को ऐतिहासिक बताया गया है।
पत्र के अंत में पूर्व राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।



