
बरौली कला में मिनी स्टेडियम, डिजिटल लाइब्रेरी सहित कई विकास कार्यों का उद्घाटन
इटावा | विशाल समाचार
विकास खण्ड सैफई की ग्राम पंचायत बरौली कला में गुरुवार को मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश श्री धर्मवीर प्रजापति जी द्वारा मा० श्री नरेन्द्र मोदी मिनी स्टेडियम, सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी एवं विकसित भारत जी–रामजी अन्नपूर्णा भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा० मंत्री श्री धर्मवीर प्रजापति जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की कल्पना से कहीं आगे बढ़कर गांवों में लाइब्रेरी, स्टेडियम, अन्नपूर्णा भवन जैसे विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता द्वारा दिए गए टैक्स के धन का सदुपयोग करते हुए उसे व्यर्थ कार्यों में खर्च होने से रोका और उसी धनराशि से जनहित के विकास कार्य कराए।
मंत्री जी ने कहा कि सरकार निरंतर जनता के हित में कार्य कर रही है, इसी कारण देश और प्रदेश की जनता सरकार पर भरोसा कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले पंचायत की बैठकें पंचायत भूमि पर फर्श बिछाकर की जाती थीं, लेकिन अब सरकार द्वारा गांव-गांव में पंचायत भवनों का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि चाहे खर्चों में थोड़ी कटौती करनी पड़े, लेकिन बच्चों की शिक्षा पर कोई समझौता न करें। शिक्षा ही बच्चों को आगे बढ़ने और रोजगार प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को सरकारी नौकरी नहीं मिल पाती, ऐसे में सरकार द्वारा संचालित जिला उद्योग केंद्र, कौशल विकास केंद्र एवं ग्रामोद्योग केंद्रों से प्रशिक्षण लेकर युवा स्वरोजगार अपनाकर स्वयं के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं।

मा० मंत्री जी ने कहा कि सरकार द्वारा बेटियों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बेटियों की शिक्षा एवं विवाह की जिम्मेदारी सरकार ने उठाकर परिवारों को चिंताओं से मुक्त किया है। घर-घर शौचालय निर्माण से बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से गरीब परिवारों को इलाज की चिंता से राहत मिली है। साथ ही महिलाओं की रसोई की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने एस०आई०आर० के माध्यम से फर्जी मतदाताओं को हटाने एवं पात्र नागरिकों के वोट बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि जिन पात्र लोगों के वोट अब तक नहीं बने हैं, वे अवश्य अपना मतदाता पंजीकरण कराएं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा प्राप्त धनराशि का अधिकतम उपयोग कर ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा आगे भी विकास की गति निरंतर बनी रहेगी। उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, उन्हें विद्यालय भेजने तथा गांव में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कौशल विकास योजनाओं से अधिक से अधिक युवक-युवतियां जुड़कर प्रशिक्षण लें और इसका लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के अंत में मा० मंत्री जी द्वारा भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


