
दिल्ली में 15 दिनों में 800 से अधिक लोग लापता, दो-तिहाई महिलाएं और लड़कियां
औसतन रोज़ 54 लोग लापता, 191 नाबालिगों में 146 लड़कियां
रिपोर्ट विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: दिल्ली
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक चिंताजनक रिपोर्ट सामने आई है। वर्ष 2026 के पहले 15 दिनों में दिल्ली में 800 से अधिक लोग लापता हो गए हैं। इनमें से लगभग दो-तिहाई मामले महिलाओं और लड़कियों से जुड़े हैं। ये आंकड़े दिल्ली पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड पर आधारित हैं।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 1 से 15 जनवरी 2026 के बीच कुल 807 लोगों के लापता होने की शिकायतें दर्ज की गईं। यानी औसतन हर दिन 54 लोग लापता हुए। इनमें 509 महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं, जबकि 298 पुरुष लापता बताए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, कुल लापता लोगों में 191 नाबालिग हैं और 616 वयस्क। इनमें से अब तक 235 लोगों का पता लगाया जा चुका है, जबकि 572 लोग अभी भी लापता हैं।
आंकड़े यह भी दर्शाते हैं कि 1 से 15 जनवरी के बीच प्रतिदिन औसतन 13 बच्चे लापता हुए। कुल 191 नाबालिग लापता मामलों में से 146 लड़कियां हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
लगातार सामने आ रहे इन आंकड़ों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

