
समाज को प्रेरणा देने वाला मंच है सूर्यदत्त राष्ट्रीय जीवनगौरव पुरस्कार
वरिष्ठ अभिनेता अशोक सराफ के गौरवोद्गार; 28वें स्थापना दिवस पर पुरस्कार वितरण
पूर्व मुख्य न्यायाधीश उदय ललित के कर-कमलों से हुआ सम्मान
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को एक ही मंच पर सम्मानित करना समाज के प्रबोधन का एक प्रभावी माध्यम है। कला, खेल, विज्ञान, अर्थशास्त्र, लेखा, प्रशासन सहित विविध क्षेत्रों की प्रेरणादायी हस्तियों का समावेश इस आयोजन को विशेष बनाता है। यह विचार भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति उदय ललित ने व्यक्त किए।
वे सूर्यदत्त एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सूर्यदत्त राष्ट्रीय जीवनगौरव पुरस्कार एवं सूर्यदत्त राष्ट्रीय पुरस्कार वितरण समारोह में बोल रहे थे। यह समारोह बाणेर स्थित बंटारा भवन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टी. एस. कृष्णमूर्ति, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) भूषण गोखले, वरिष्ठ अभिनेता रज़ा मुराद, एमआईटी के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. शरदचंद्र दराडे, सूर्यदत्त के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय बी. चोरडिया, उपाध्यक्ष सुषमा चोरडिया, सहयोगी उपाध्यक्ष स्नेहल नवलखा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अक्षत कुशल, मुख्य विकास अधिकारी सिद्धांत चोरडिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पद्मश्री परमपूज्य आचार्य डॉ. चंदनाजी महाराज (ताई मां) को सूर्यदत्त ग्लोबल पीस गांधीयन फिलॉसफी अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया।
वहीं पूर्व मुख्य न्यायाधीश उदय ललित, वरिष्ठ अभिनेता अशोक सराफ, हास्ययोग आंदोलन के विठ्ठल काटे, पूर्व वरिष्ठ अधिकारी शेखर गायकवाड़, अभिनेता राकेश बेदी, उद्योगपति विलासकुमार पालरेषा, निर्देशक सुभाष सहगल, शिक्षाविद अशोककुमार ठाकुर, वैज्ञानिक डॉ. आनंद भाडळकर, विधिवेत्ता एडवोकेट प्रमोद आडकर, साहित्यकार प्रो. सुरेखा कटारिया, उद्यमी प्रकाश गांधी तथा वैश्विक रणनीतिकार संजय पुरी को सूर्यदत्त राष्ट्रीय जीवनगौरव पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त महेश सूर्यवंशी, योग सद्गुरु डॉ. कृष्णदेव गिरी, अभिनेत्री व स्टैंडअप कॉमेडियन उपासना सिंह, ग्रैंडमास्टर अभिजीत कुंटे, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुरेंद्र कुमारी, योग प्रशिक्षक राखी गुगले, अंतरिक्ष वैज्ञानिक डॉ. कनक सहा, बांसुरी वादक पारस नाथ, ग्लोबल यूथ एंबेसडर दारासिंह खुराणा, डॉ. प्रमोद त्रिपाठी और पर्वतारोही आशीष माने को सूर्यदत्त राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सीए मोहित धांड, गायिकाएं प्रीति दवे व पिंकी दवे तथा तैराक हातवी शाह को सूर्यदत्त नेशनल यंग अचीवर अवॉर्ड प्रदान किया गया, जबकि मास्टर ऋषि शिव प्रसन्न और मास्टर राघव मालपाणी को सूर्यदत्त लिटिल मास्टर नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
न्यायमूर्ति उदय ललित ने कहा कि हर युवा के मन में सफलता को लेकर प्रश्न होते हैं, लेकिन आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और उत्कृष्टता के माध्यम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा जनसंख्या राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और उसे सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सूर्यदत्त फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की उन्होंने सराहना की।
वरिष्ठ अभिनेता अशोक सराफ ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करने की सूर्यदत्त की पहल समाज को नई प्रेरणा देती है। दर्शकों के स्नेह और समर्थन के कारण ही कलाकारों को और बेहतर कार्य करने की ऊर्जा मिलती है।

प्रस्तावना में प्रो. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने कहा कि सूर्यदत्त संस्था की स्थापना से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मूल्याधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। आदर्श व्यक्तित्वों को विद्यार्थियों के सामने प्रस्तुत कर उन्हें बेहतर नागरिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
एयर मार्शल भूषण गोखले ने कहा कि चाहे कितनी भी ऊँचाई क्यों न प्राप्त हो, अपनी मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखना आवश्यक है। सूर्यदत्त परिवार ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी आदर्श प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम का संचालन श्वेता राठोड और संदीप पाटिल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुषमा चोरडिया ने किया।



