
ZP Result 2026: इस जिला परिषद चुनाव में BJP को झटका, बनी चौथे नंबर की पार्टी, शिंदे गुट की बंपर जीत
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: महाराष्ट्र राज्य
ZP Election Result 2026: महाराष्ट्र में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनावों के वोटों की गिनती सोमवार (9 फरवरी) सुबह 10 बजे से शुरू हुई. जिला परिषद चुनावों में कुल 2624 उम्मीदवार थे.
महाराष्ट्र में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनावों के नतीजे सोमवार (9 फरवरी) को घोषित किए गए. रत्नागिरी जिला परिषद में शिंदे गुट की शिवसेना ने बेहद ही शानदार प्रदर्शन किया है. इस जिला परिषद में शिंदे गुट को एकतरफा जीत हासिल हुई है. यहां शिवसेना को 40 सीटों पर जीत मिली है. जबकि बीजेपी का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा, यहां ये चौथे नंबर की पार्टी बनी है. बीजेपी को महज 4 सीटों पर जीत मिली है. रत्नागिरी जिला परिषद में कुल 56 सीटें हैं.
इसके साथ ही उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को 6 सीटों पर जीत मिली है, अजित पवार गुट की एनसीपी को 5 सीट जबकि राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के खाते में सिर्फ एक सीट गई है. सबसे बुरी स्थिति कांग्रेस और शरद पवार गुट की रही. कांग्रेस और एनसीपी (SP) अपना खाता भी नहीं खोल पाई.
रत्नागिरी जिला परिषद में किस पार्टी को कितनी सीटें?
कुल सीट- 56
शिवसेना (शिंदे गुट)- 40
शिवसेना (उद्धव गुट)-06
एनसीपी- 05
बीजेपी-04
एमएनएस-01
रत्नागिरी जिला परिषद में कितना हुआ मतदान?
रत्नागिरी जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए 55.79 प्रतिशत मतदान हुआ. रत्नागिरी जिला परिषद में 56 सीटों में से 38 सीट सामान्य वर्ग के लिए हैं, जिनमें से 18 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. 15 सीट ओबीसी वर्ग के लिए हैं, जिनमें से 8 महिलाओं के लिए, 2 अनुसूचित जाति के लिए, 1 सीट महिलाओं के लिए और एक सीट अनुसूचित जनजाति के लिए है.
दक्षिण रत्नागिरी के संगमेश्वर, रत्नागिरी, लांजा और राजपुर तथा उत्तर रत्नागिरी के मांडंगड तालुकों में से किसी भी जिले की जिला परिषद में पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए कोई सीट आरक्षित नहीं है. हालांकि, खेड़ तालुका में लोटे, भरने, विराचीवाड़ी, चिपलुन में शिरगांव, अलोर, दापोली में दाभोल, गुहागर में पालगढ़ और कोंडकरुल के सीट पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित थे.
महाराष्ट्र में शनिवार को 12 जिला परिषदों रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर के 731 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था.


