स्पिक मैके इटावा चैप्टर का शुभारंभ, पं. प्रवीण गोडखिंडी देंगे प्रस्तुतियां
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:इटावा, उत्तर
इटावा,। देशव्यापी सांस्कृतिक संस्था स्पिक मैके (सोसायटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमॉन्ग्स्ट यूथ) इटावा जनपद में अपने नए चैप्टर की शुरुआत कर रही है। जिलाधिकारी शुभ्रांशु शुक्ला की प्रेरणा से प्रारंभ हो रहे इस चैप्टर के तहत विश्व विख्यात बांसुरी वादक पंडित प्रवीण गोडखिंडी जनपद के तीन विद्यालयों में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस अवसर पर स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी के विशेष रूप से उपस्थित रहने की सूचना है। कार्यक्रम में पंडित प्रवीण गोडखिंडी के साथ प्रसिद्ध तबला वादक पंडित मिथलेश झा संगत प्रदान करेंगे।
इटावा चैप्टर के शुभारंभ के तहत पहला कार्यक्रम 13 फरवरी को प्रातः 9 बजे एरिस्टोटल वर्ल्ड स्कूल, जसवंतनगर में आयोजित होगा। इसी दिन सायं 5 बजे सैनिक स्कूल, इटावा में दूसरा कार्यक्रम होगा। तीसरा कार्यक्रम 14 फरवरी को प्रातः 11 बजे जी.सी. जीनियस पब्लिक स्कूल, इटावा में आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि स्पिक मैके विगत 49 वर्षों से देश-विदेश में भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोक कला, साहित्य, नाटक, शिल्प एवं योग के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रही है। संस्था प्रतिवर्ष लगभग 500 कार्यक्रम आयोजित करती है।
इटावा में चैप्टर के समन्वयक प्रोफेसर प्रत्यूष तिवारी द्वारा ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है।


