
‘बहुजन हिताय’ के लिए व्यापक राजनीतिक गठबंधन की जरूरत:– डॉ. हुलगेश चलवादी
शरद पवार–रामदास आठवले मुलाकात के बाद नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज
रिपोर्ट:विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: पुणे, महाराष्ट्र:
राज्य और देश के बहुजन समाज के कल्याण के लिए ‘बहुजन हिताय’ की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले राजनीतिक दलों के बीच व्यापक गठबंधन की आवश्यकता है। यह मत बहुजन नेता एवं पूर्व नगरसेवक डॉ. हुलगेश चलवादी ने गुरुवार (12 फरवरी) को व्यक्त किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री एवं रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ) के प्रमुख रामदास आठवले द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों को एकजुट होकर महाराष्ट्र में महायुति तथा राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिए जाने के बाद डॉ. चलवादी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
डॉ. चलवादी ने कहा कि यदि समान विकास एजेंडा, सामाजिक न्याय और बहुजन कल्याण जैसे मुद्दों पर सहमति बनती है, तो व्यापक गठबंधन की अवधारणा को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।
गौरतलब है कि रामदास आठवले ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार से पुणे के एक निजी अस्पताल में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस मुलाकात के बाद राज्य में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी संदर्भ में डॉ. चलवादी ने कहा कि बहुजन समाज के मुद्दों पर ठोस आश्वासन और नीतिगत प्रतिबद्धता मिलने पर ऐसे किसी भी व्यापक राजनीतिक संवाद को सकारात्मक समर्थन दिया जाना चाहिए। संवाद और समन्वय ही लोकतंत्र का मार्ग है।
उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र के हित में उद्योग, रोजगार, कृषि, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर स्पष्ट रुख अपनाने वाला तथा स्थिरता प्रदान करने वाला गठबंधन बना, तो उसका लाभ आम जनता को मिलेगा।
डॉ. चलवादी ने यह भी कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर सद्भावना और संवाद बनाए रखना ही लोकतंत्र की शक्ति है। रामदास आठवले द्वारा शरद पवार से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की कुशलक्षेम पूछना सकारात्मक और सुसंस्कृत राजनीतिक परंपरा का उदाहरण है।


