सीतामढ़ीप्रशासनबिहार

संयुक्त श्रम भवन में एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित

संयुक्त श्रम भवन में एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित

रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता

स्थान: सीतामढ़ी,बिहार

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा जिला मुख्यालय शांति नगर स्थित संयुक्त श्रम भवन में श्रमिकों के लिए एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार, श्रम अधीक्षक श्री रमाकांत, जिला नियोजन पदाधिकारी श्री मुकुंद माधव, डीसीएलआर श्री अमित राज तथा उपस्थित श्रमिकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार ने श्रमिकों के अधिकारों एवं उन्हें प्राप्त होने वाले वैधानिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। अपने परिश्रम और पसीने से वे नई संरचनाओं का निर्माण करते हैं, इसलिए उनके अधिकारों की रक्षा मानवता के आधार पर निःस्वार्थ भाव से की जानी चाहिए। श्रम अधीक्षक रमाकांत ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित 16 प्रकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मातृत्व लाभ, पितृत्व लाभ, चिकित्सा सहायता, शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता, साइकिल क्रय के लिए नगद अनुदान, भवन मरम्मत अनुदान, औजार क्रय सहायता, मृत्यु लाभ, दाह-संस्कार सहायता राशि, विकलांगता पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, परिवार पेंशन, वार्षिक चिकित्सा सहायता तथा दो वयस्क पुत्रियों के विवाह हेतु वित्तीय सहायता जैसी योजनाएँ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। यूनिसेफ की ‘उड़ान’ परियोजना एवं प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार ने बाल श्रम उन्मूलन पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक युग में तकनीकी संसाधनों ने श्रम के स्वरूप को बदल दिया है। ऐसे में बच्चों को मजदूरी के बजाय शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की।

 

कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (एलईओ) रौशन कुमार सिंह ने किया। उन्होंने अपील की कि यदि कहीं बाल श्रमिक कार्य करते हुए दिखाई दें तो उसकी सूचना विभाग के व्हाट्सऐप नंबर 9471229133 पर फोटो और पते सहित अवश्य उपलब्ध कराएं।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में श्रमिकों की भागीदारी रही। इस अवसर पर प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, यूनियन प्रतिनिधि, लिपिक दिलीप कुमार शास्त्री, निशांत प्रेम, संतोष कुमार, राजकांत झा, रूबी कुमारी, शिवानी, एलईओ श्वेता कुमारी, शुशांत कुमार, प्रमोद कुमार, सुधांशु कुमार, रवि भूषण कुमार, गौतम कुमार, विष्णुधर शर्मा, पंकज कुमार, दिलीप कुमार, पिंटू कुमार, परिजात परिमल, सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button