
कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण मैट्रिक परीक्षा–2026 के संचालन को लेकर डीएम रिची पांडेय द्वारा दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की ब्रीफिंग
रिपोर्ट : विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
मैट्रिक वार्षिक परीक्षा–2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी रिची पांडेय द्वारा प्रतिनियुक्त स्टैटिक, जोनल, सुपर जोनल, गश्ती दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों सहित अनुमंडल स्तर पर नियुक्त वरीय पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा संचालन हेतु जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार के साथ-साथ केंद्र के अंदर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट, चाय-पान, पुस्तक आदि की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी।
गौरतलब है कि मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 17 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए जिले में कुल 65 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सदर अनुमंडल में 31, पुपरी अनुमंडल में 24 तथा बेलसंड अनुमंडल में 10 परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही गश्ती-सह-उड़न दस्ता दंडाधिकारी, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों की भी पर्याप्त संख्या में तैनाती सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा भवन में प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की बॉडी फ्रिस्किंग की जाएगी। किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पाए जाने पर संबंधित वीक्षक की भी जवाबदेही तय की जाएगी। परीक्षा के दौरान मोबाइल सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।
संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी। इस परिधि में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति की उपस्थिति वर्जित रहेगी।
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को प्रातः 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्र परिसर में मीडिया कर्मियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
