
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 35 आवेदकों की समस्यायें सुनीं
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने 35 आवेदकों की समस्यायें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने डॉ. श्यामसुंदर कोल प्रधानाध्यापक के लंबित राशि के भुगतान के आवेदन पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं मोहम्मद हजरतदीन निवासी लोढ़ी के विद्युततार उपलब्ध कराकर बिजली चालू करने के आवेदन पर विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
जनसुनवाई में आशीष गुप्ता निवासी हनुमना ने अपने हिस्से के मकान में अन्य द्वारा कब्जा किये जाने का आवेदन किया जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम हनुमना को कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार बराती गांव के रहवासियों ने 15 घरों में निवासरत परिवारों को जल आपूर्ति कराये जाने का आवेदन जनसुनवाई में दिया जिसे कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीएचई को समुचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया। लौरखुर्द निवासी मुन्नी प्रजापति के घर के सामने अन्य व्यक्ति द्वारा तारबाड़ी लगाकर रास्ता अबरूद्ध करने के आवेदन पर नायब तहसीलदार देवतालाब को, खटखरी निवासी अवनि कुमार मिश्र के खसरा सुधार के आवेदन पर तहसीलदार को, रमेश कुमार गुप्ता निवासी हनुमना के माता जी को कल्याणी पेंशन दिलाये जाने के आवेदन को नगर परिषद हनुमना के सीएमओं को समुचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया। इसी प्रकार रमा मिश्रा निवासी गरियरा के सीमांकन के आवेदन पर तहसीलदार मऊगंज को एवं एैतवारी प्रजापति निवासी पथरिहा के पुस्तैनी घर के नवीनकरण के आवेदन पर तहसीलदार मऊगंज को कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय ने भी आवेदकों की समस्यायें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधानकारक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।


