आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 13 निजी अस्पताल सूचीबद्ध, 18 और अस्पतालों की अनुशंसा राज्य स्तर पर प्रेषित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। वर्तमान में जिले के 13 निजी अस्पतालों को योजना के तहत सूचीबद्ध (इम्पैनल) किया गया है, जहां पात्र लाभार्थी योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
सूचीबद्ध अस्पतालों में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, ऑर्थोपेडिक, बाल रोग, नवजात देखभाल, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी तथा नेत्र रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा 18 अन्य निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना से सूचीबद्ध करने हेतु अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव राज्य स्तर पर भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत इन अस्पतालों में भी लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सूचीबद्ध अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारी लाभार्थी योजना के निर्धारित पैकेज के अनुसार अपना उपचार पूर्णतः निःशुल्क करा सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर लाभार्थी आयुष्मान भारत के जिला कार्यक्रम समन्वयक अथवा सिविल सर्जन, सीतामढ़ी से संपर्क कर सकते हैं।
वर्तमान में सभी सरकारी अस्पतालों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध है। पात्र एवं वंचित लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे शीघ्र अपना आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ उठाएं।
