
पंचनद कैफे एंड रेस्टोरेंट का भव्य उद्घाटन, ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की नई मिसाल
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, मॉडल तहसील परिसर जसवंतनगर में आज एक प्रेरणादायी पहल का शुभारंभ हुआ, जब पंचनद कैफे एंड रेस्टोरेंट का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह अवसर केवल एक नए प्रतिष्ठान की शुरुआत नहीं, बल्कि स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के संकल्प का उत्सव बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने फीता काटकर कैफे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार विनय कुमार, तहसीलदार नेहा सचान, खण्ड विकास अधिकारी जसवंतनगर मनोज कुमार, जिला मिशन प्रबंधक सूर्यनारायण पाण्डेय, ब्लॉक मिशन प्रबंधक प्रवीण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सजे-धजे परिसर और उत्साह से भरे वातावरण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
पंचनद कैफे एंड रेस्टोरेंट की सबसे बड़ी ताकत वे महिलाएँ हैं, जिन्होंने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अपने श्रम, साहस और आत्मविश्वास के बल पर इस सपने को साकार किया। कैफे का उद्देश्य स्वच्छ, स्वादिष्ट और पौष्टिक शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका प्रदान करना है।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आशा की नई किरण बनकर उभरते हैं। यह पहल न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा भी है। उन्होंने भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और संचालिका विनीता सहित सभी महिलाओं की सराहना की।
उपायुक्त स्वतः रोजगार विनय कुमार ने कहा कि यह कैफे उन महिलाओं की मेहनत और हौसले की कहानी है, जिन्होंने चुनौतियों को अवसर में बदला है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल अन्य समूहों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
कार्यक्रम के अंत में कैफे प्रबंधन ने सभी अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पंचनद कैफे एंड रेस्टोरेंट आज एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान से बढ़कर उम्मीद, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभरा है, जहाँ हर व्यंजन के साथ संघर्ष, समर्पण और सफलता की कहानी भी परोसी जाएगी।
इस अवसर पर जिला मिशन प्रबंधक दीपेन्द्र सिंह, विपलव भूषण, ब्लॉक मिशन प्रबंधक रीनू, ज्योति, सौरभ, आशुतोष, रिंकू बाबू, धमेन्द्र, बृजेन्द्र, वृजराज सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ उपस्थित रहीं।


