
‘फुला’ से उजागर होगी मुरली की संघर्षमय कहानी
जेजुरी में पोस्टर लॉन्च, 17 अप्रैल से महाराष्ट्र भर में प्रदर्शित होगी फिल्म
मराठी लोकपरंपरा की पृष्ठभूमि पर आधारित आगामी फिल्म फुला 17 अप्रैल से पूरे महाराष्ट्र के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। हाल ही में जेजुरी में खंडेराय की साक्षी में वाघ्या-मुरली परिषद के संस्थापक अध्यक्ष प्रा. मार्तंड साठे के हस्ते फिल्म का पोस्टर लॉन्च किया गया। इस अवसर पर निर्माता, निर्देशक, कलाकार एवं तकनीकी टीम उपस्थित रही।
फिल्म का निर्देशन अभिषेक जावीर ने किया है। निर्माता पै. अजित शिवाजी जाधव हैं, जबकि प्रस्तुति शिवशर्विल मूवी और बोधी सिनेमा के बैनर तले की गई है। पटकथा रवीकिरण जावीर ने लिखी है। संगीत निर्देशन समाधान ऐवळे का है। छायांकन प्रताप जोशी, कला निर्देशन अतुल लोखंडे तथा संपादन राहुल प्रजापती ने किया है। वेशभूषा कोमल जावीर व अक्षता पाटील और रंगभूषा समाधान भोरे ने संभाली है।
फिल्म में प्रियांतिका, आरोही गडदे, मंजुषा खेत्री, संतोष शिंदे, देवा गाडेकर, रविकिरण जावीर, सनी कदम, छाया आदट और शरद लांडगे जैसे नए कलाकार नजर आएंगे। गायन में वैशाली सामंत, वैशाली माडे, रोहित राऊत, रवींद्र खोमणे, वैशाली इंगवले, वैष्णवी अदोडे और आकाश नवगिरे ने अपनी आवाज दी है। उल्लेखनीय है कि फिल्म की शूटिंग और पूरी टीम सांगली जिले के आटपाडी गांव से जुड़ी है और यह उनका पहला प्रोजेक्ट है।
‘फुला’ एक मुरली परंपरा में जन्मी मासूम बालिका की संघर्षगाथा है। तमाशा फड़ और जागरण-गोंधळ जैसी लोककलाओं की पृष्ठभूमि में यह कथा महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं को उजागर करती है। निर्देशक अभिषेक जावीर के अनुसार, यह फिल्म केवल एक लड़की की शोकांतिका नहीं, बल्कि लोककलाओं में उलझी स्त्री कलाकारों के अस्तित्व का जीवंत दस्तावेज है। फिल्म समाज के उस पहलू को सामने लाने का प्रयास करती है, जहां कलाकारों की कला को सराहा जाता है, लेकिन उन्हें सम्मानजनक जीवन का अधिकार नहीं मिलता।


