
होली पर खुली चुनौती डिप्टी सीएम के आदेश की उड़ाई धज्जियां, सीतामढ़ी सदर अस्पताल परिसर में बकरे की बलि से मचा हड़कं
रिपोर्ट : विशाल समाचार
रिपोर्टर:कुणाल किशोर सीतामढ़ी
स्थान :सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी– होली के दिन जहां एक ओर प्रशासनिक सख्ती के दावे किए जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती दिखी। नगर विकास मंत्री सह उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के उस फरमान की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आईं, जिसमें खुले में मांस काटने, बेचने और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा निबंधन अनिवार्य किया गया है।
खुलेआम नियमों का उल्लंघन
होली के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में सरेआम मांस की बिक्री और प्रदर्शन किया गया। दुकानों के बाहर बकरे लटकाकर मांस काटा जाता रहा। प्रशासनिक निगरानी नदारद रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति होती है, जबकि नगर निगम कर्मियों की ‘कमाई’ जरूर बढ़ जाती है।
आम नागरिकों का कहना है कि खुले में मांस काटने से गंदगी फैलती है, जिससे संक्रमण का खतरा बना रहता है। बावजूद इसके नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं कराया जा सका।
सदर अस्पताल परिसर में शर्मनाक घटना
मामला यहीं नहीं थमा। शहर के सदर अस्पताल सीतामढ़ी परिसर में तो स्थिति और भी गंभीर दिखी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ एम्बुलेंस कर्मियों ने मॉडल हॉस्पिटल भवन परिसर में खुलेआम बकरे को काटकर लटका दिया और वहीं मांस काटकर आपस में बांटते नजर आए।
अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की गतिविधि ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और परिजनों में इसको लेकर आक्रोश देखा गया।
अधिकारी बोले — होगी कार्रवाई
इस संबंध में पूछे जाने पर अस्पताल प्रबंधक विजय चंद्र झा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं जेन प्लस के एसीओ ने बताया कि इसकी सूचना उच्च कार्यालय को दे दी गई है और शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि सदर अस्पताल के अन्य अधिकारी इस मामले पर कुछ भी स्पष्ट कहने से बचते नजर आए।



