
गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा, डीएम ने होम डिलीवरी और ई-केवाईसी में तेजी लाने के दिए निर्देश
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रसोई गैस की उपलब्धता, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा गैस बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ व्यावहारिक दिक्कतें सामने आई हैं, जिन्हें अतिरिक्त मैनपावर लगाकर जल्द दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गैस वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही किया जाए और गोदामों से वितरण की व्यवस्था पूरी तरह बंद रखी जाए। वितरण के दौरान सीरियल नंबर प्रणाली का कड़ाई से पालन किया जाए और जो उपभोक्ता अपने दिए गए पते पर उपलब्ध नहीं हैं, उनके नाम सूची से हटाए जाएं ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं से केवल निर्धारित शुल्क ही लिया जाए और अतिरिक्त वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई रोक नहीं है, हालांकि एक सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग मान्य होगी।
बैठक में ई-केवाईसी प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी सहित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

