खेलपूणेमहाराष्ट्र

महाराष्ट्र केसरी में सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबले तय, माटी और गादी वर्ग में पहलवान तैयार

महाराष्ट्र केसरी में माटी और गादी वर्ग के फाइनल मुकाबले संपन्न, अमोल वालगुडे और बिरुदेव बनसोडे बने चैंपियन

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान:पुणे महाराष्ट्र

पुणे। महाराष्ट्र केसरी कुश्ती प्रतियोगिता में माटी और गादी दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले रोमांचक अंदाज में संपन्न हुए। विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों पर कब्जा जमाया।

माटी वर्ग के 61 किलो भार वर्ग में कोल्हापुर के अजय कापडे ने सेमीफाइनल में सातारा के गोरख कोळेकर को 10-0 से हराया, जबकि पुणे के अमोल वालगुडे ने अमित कुळाल को 11-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में अमोल वालगुडे शुरुआत में 7-2 से पिछड़ गए थे, लेकिन दूसरे दौर में शानदार वापसी करते हुए 10-8 से जीत दर्ज कर लगातार तीसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अजय कापडे को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कांस्य पदक के मुकाबले में गोरख कोळेकर ने अमित कुळाल को 4-2 से हराया।

माटी वर्ग के 79 किलो भार वर्ग में बीड के अविनाश शिंदे ने प्रणव हांडे को 12-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरी सेमीफाइनल भिड़ंत में बिरुदेव बनसोडे और अनिल कचरे के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन चोट के कारण कचरे को हटना पड़ा। फाइनल में बिरुदेव बनसोडे और अविनाश शिंदे के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें दोनों पहलवानों ने 5-5 अंक बनाए, लेकिन अंतिम अंक के आधार पर बिरुदेव बनसोडे विजेता बने। चोटिल अनिल कचरे कांस्य मुकाबले में नहीं उतर सके, जिससे प्रणव हांडे को कांस्य पदक मिला।

गादी वर्ग के 61 किलो भार वर्ग में विवेक धावडे और वैभव पाटील ने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में वैभव पाटील ने विवेक धावडे को 11-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि विवेक को रजत मिला। कांस्य पदक के मुकाबलों में सांगली के पांडुरंग माने और सातारा के अरु खांडेकर विजेता रहे।

गादी वर्ग के 79 किलो में सोलापुर के विकास करे और ठाणे के सूरज माने ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में विकास करे ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सूरज माने को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सूरज माने को रजत पदक मिला। कांस्य पदक के मुकाबलों में पृथ्वीराज बोडके और निखिल वाडेकर ने जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के इन परिणामों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और विभिन्न जिलों के पहलवानों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button