
करंट लगने से मिस्त्री की मौत, अधिकारियों का वेतन स्थगित
रिपोर्ट : कुणाल किशोर,विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, संवाददाता: जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड अंतर्गत रैनशंकर पंचायत में ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान हुए हादसे में एक बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मिस्त्री ट्रांसफार्मर पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाह चालू हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए रुन्नीसैदपुर के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा सीतामढ़ी के कार्यपालक अभियंता का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में अनुमंडल पदाधिकारी (सीतामढ़ी सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सीतामढ़ी सदर) एवं कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को सदस्य बनाया गया है।
जांच कमेटी को निर्देश दिया गया है कि वह घटनास्थल का शीघ्र निरीक्षण कर सभी संबंधित पक्षों से जानकारी एकत्र करे तथा विस्तृत जांच प्रतिवेदन के साथ दोषियों की जवाबदेही तय कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



