जसवंतनगर ‘प्रेस क्लब’ पर फिर उठे सवाल
दो साल बाद भी अस्तित्व स्पष्ट नहीं, बिना पंजीकरण चल रही गतिविधियां?
रिपोर्ट:विशाल समाचार इटावा
स्थान: जसवन्तनगर इटावा यूपी
जसवंतनगर कस्बे में “प्रेस क्लब” के नाम पर संचालित हो रही गतिविधियां एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। खास बात यह है कि इस मुद्दे को लगभग दो वर्ष पूर्व भी उठाया गया था, लेकिन आज तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कस्बे में किसी आधिकारिक “प्रेस क्लब” का ठोस अस्तित्व सामने नहीं आया है। इसके बावजूद अलग-अलग स्थानों पर बैनर लगाकर बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि न तो कोई स्थायी कार्यालय सामने आया है और न ही किसी वैध पंजीकरण या अधिकृत संरचना का स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध है। ऐसे में यह सवाल और गहरा हो गया है कि आखिर “प्रेस क्लब जसवंतनगर” किस आधार पर संचालित किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोग इस नाम का उपयोग कर अपनी व्यक्तिगत पहचान और प्रभाव बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे आम लोगों के साथ-साथ नए और युवा पत्रकारों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
सवाल जस के तस
क्या “प्रेस क्लब जसवंतनगर” का कोई वैध पंजीकरण है?
दो वर्ष बाद भी स्थायी कार्यालय क्यों नहीं है?
पहले उठे सवालों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
प्रशासन की भूमिका पर प्रश्न
मामले ने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि यह मुद्दा पहले भी सामने आ चुका है, तो अब तक कोई स्पष्ट जांच या कार्रवाई क्यों नहीं की गई—यह एक अहम प्रश्न बना हुआ है।
विशाल समाचार टीम इस पूरे प्रकरण की दोबारा जमीनी स्तर पर पड़ताल कर रही है। पहले उठे सवालों से लेकर वर्तमान स्थिति तक पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कर जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा।।



