
साइबर फ्रॉड की कमाई से खरीदी महिन्द्रा कार कुर्क
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जनपद में अपराध एवं साइबर फ्रॉड के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इटावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई एक महिन्द्रा कार को कुर्क किया है। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 8.09 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना बसरेहर क्षेत्र निवासी अभियुक्त रौकी राणावत के विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड व अन्य आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से महिन्द्रा कार (संख्या UP75 AN 9191) खरीदी थी।
मामले में साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के पर्यवेक्षण में थाना बसरेहर पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

