
आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने जताई नाराजगी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को पंचायत भवनों में बुलाकर उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक विभाग का कार्य नहीं, बल्कि सभी विभागों की संयुक्त जिम्मेदारी है।
डीएम ने निर्देश दिए कि 5 से 7 दिनों तक लगातार सायंकालीन कैंप आयोजित कर विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही जो आईडी बनी हुई हैं लेकिन सक्रिय नहीं हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से सक्रिय कराया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए बताया कि जनपद में लगभग 46 हजार अंत्योदय कार्डधारक हैं, जिनमें 45 हजार सक्रिय हैं, जबकि करीब 33 हजार बच्चों को योजना से जोड़ा जाना बाकी है।
उन्होंने कहा कि कोटेदारों की दुकानों पर पंचायत सहायकों की मौजूदगी में आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, जिससे राशन लेने आने वाले लाभार्थियों का उसी समय कार्ड बन सके और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। साथ ही विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तय तिथियों के अनुसार कार्य करने और ऑनलाइन बैठकों के माध्यम से नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटेदारों को भी अपनी आईडी से प्रतिदिन कम से कम 5 आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी, एडीपीआरओ रोहित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

