इटावाउत्तर प्रदेश

इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभिषेक यादव की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई।

इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभिषेक यादव की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई।

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों द्वारा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। बैठक में माननीय सदस्यों ने ऊसराहार से गंगापुर रोड पर गड्ढों की समस्या उठाते हुए शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही ताखा कस्बे से ऊसराहार से किशनी मार्ग पर नाली न होने के कारण जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए नाली निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए गए।

बिजली विभाग के संबंध में सदस्यों ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों के बिलों के निस्तारण में 3-4 माह का समय लग जाता है, तो आम जनता को कितनी परेशानी होती होगी। इस पर विभाग को शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सेवायोजन विभाग की समीक्षा के दौरान कहा गया कि जनपद में रोजगार मेलों का आयोजन तो किया जाता है, लेकिन पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों की समुचित निगरानी नहीं हो पाती, जिससे उन्हें बाद में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने को कहा गया।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने भर्थना क्षेत्र के एक परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों के भरण-पोषण हेतु योजनाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए।

बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि भविष्य की बैठकों में पुलिस विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का भी समाधान हो सके।

जल निगम/पेयजल योजनाओं के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदे जाने के बाद मरम्मत न होने एवं कई स्थानों पर जलापूर्ति शुरू न होने की समस्या उठाई गई। इस पर संबंधित विभाग को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

माननीय सदस्यों ने कहा कि कुछ अधिकारियों द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे सरकार की छवि प्रभावित होती है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें।

पीडब्ल्यूडी सड़कों के शिलान्यास कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। भोगनी प्रखंड में ज्यादा मात्रा में मिट्टी उठान कार्य होने से पेड़ों की जड़ें निकल आने की समस्या हो गई है जिससे वहां पर मिट्टी उठान को रोक जाए। वहीं भट्टा मानपुर एवं अन्य क्षेत्रों में ईंट भट्टों के कारण मिट्टी सड़कों पर उड़ती है जिससे सड़कों की स्थिति खराब होने एवं दुर्घटनाओं की आशंका पर भी चिंता व्यक्त की गई। अंबेडकर पार्कों की साफ-सफाई 14 अप्रैल तक सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। क्योंकि 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती है।

सांसद प्रतिनिधि श्री मनोज बंटी यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते तथा कई बार बैठकों में पूर्ण उपस्थिति भी नहीं रहती। इस पर अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

एकदिल क्षेत्र में खारवी नाले में शहर का नाला जोड़ दिए जाने से गंदगी एवं प्लास्टिक कचरा नाले को चोक कर देता है और पानी खेतों तक पहुंचने की समस्या उठाई गई। नाले की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

भर्थना क्षेत्र में बिजली बिल के कारण एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया।

बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री अभिषेक यादव ने कहा कि जिला पंचायत का कार्यकाल लगभग पूर्ण होने को है। सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन विकास कार्य निरंतर चलते रहने चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से जनपद इटावा के समग्र विकास एवं उसकी पहचान को बनाए रखने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

उक्त बैठक में सांसद प्रतिनिधि मनोज बंटी यादव, सदर विधायक प्रतिनिधि सचिन यादव, भरथना विधायक प्रतिनिधि जीतू यादव, ब्लॉक प्रमुख ताखा ध्रुव यादव और अन्य माननीय जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत स्वाति जैन सहित अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button