इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

इटावा में 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू: 67 केंद्र बनाए गए, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

इटावा में 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू: 67 केंद्र बनाए गए, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा,  जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं क्रय केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में गेहूं खरीद अभियान 30 मार्च 2026 से शुरू होकर 15 जून 2026 तक चलेगा। सभी क्रय केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे। रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन केंद्र बंद रहेंगे।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 67 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर अभिलेखों का संधारण, निरीक्षण पंजिका एवं शिकायत पंजिका अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेगी। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। साथ ही किसानों को उतराई-छंटाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिए जाएंगे।

डीएम ने निर्देश दिए कि गेहूं खरीद से पहले किसानों का पंजीकरण और सत्यापन अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। एम-पॉस मशीन के माध्यम से उपस्थिति की निगरानी होगी और सुबह 10 बजे के बाद उपस्थिति दर्ज कराने वाले केंद्र प्रभारियों को अनुपस्थित माना जाएगा। लगातार तीन दिन अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान को किसी भी स्थिति में वापस न लौटाया जाए। गेहूं में सामान्य गंदगी होने पर उसे साफ कर खरीद की जाए। मंडी परिषद को सभी केंद्रों पर तौल मशीन, पावर डस्टर और एनालिसिस किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर छाया, पेयजल और बैनर की उचित व्यवस्था हो। बैनर पर क्यूआर कोड और “किसान मित्र ऐप” का प्रचार भी किया जाए। तौल मशीनों का समय से कैलिब्रेशन तथा पर्याप्त बोरे उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम दो कांटे होने चाहिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण कराया जाए और उन्हें पहले से पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए। चुनाव वर्ष को देखते हुए पारदर्शिता बनाए रखने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसानों से सीधे गेहूं खरीदने के लिए है, किसी भी स्थिति में व्यापारियों से खरीद नहीं की जाएगी। क्रय केंद्रों पर शालीन व्यवहार बनाए रखने और किसानों का विश्वास कायम रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी और क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button