इटावाउत्तर प्रदेश

स्कूल चलो अभियान को मिला जोर, हर बच्चे के नामांकन पर दिया गया जोर

स्कूल चलो अभियान को मिला जोर, हर बच्चे के नामांकन पर दिया गया जोर

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा : विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सरिता भदौरिया एवं जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्कूली बच्चियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया।

सदर विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही विकास की आधारशिला है और देश की प्रगति तभी संभव है जब हर बच्चा शिक्षित और स्वस्थ होगा। उन्होंने वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को शिक्षा से जोड़ते हुए कहा कि हर घर का सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहे।

उन्होंने निर्देश दिए कि 3 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का आंगनवाड़ी में तथा 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का कक्षा 1 में अनिवार्य रूप से नामांकन कराया जाए। उन्होंने बताया कि इटावा जनपद पहले ही 80 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ आगे बढ़ रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि प्रदेश का हर बच्चा स्कूल जाए और शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार व जिले का नाम रोशन करे। ‘निपुण’ लक्ष्य के तहत सभी बच्चों को दक्ष बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सर्वाधिक नामांकन बढ़ाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को पुस्तकें और बैग वितरित किए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button