इटावा में निजी औद्योगिक पार्क स्थापना को बढ़ावा, ‘PLEDGE’ योजना लागू
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा : जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यम विकास केंद्र, इटावा द्वारा जानकारी दी गई है कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और निजी भागीदारी से अवसंरचना विकसित करने के उद्देश्य से ‘PLEDGE (Promoting Leadership and Enterprise for Development of Growth Engines)’ योजना संचालित की जा रही है।
इस योजना के तहत निजी निवेशकों को औद्योगिक पार्क स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के लिए आवश्यक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।
योजना के अंतर्गत निजी निवेशक Build, Own and Operate (BOO) मॉडल पर औद्योगिक पार्क विकसित कर सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा स्टाम्प शुल्क में छूट, बैंक ऋण सुविधा, सड़क, बिजली, पानी व ड्रेनेज जैसी आंतरिक अवसंरचना के विकास में सहयोग सहित विभिन्न वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान किए जा रहे हैं।
महिला उद्यमियों को विशेष रूप से 100 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क छूट का लाभ दिया जाएगा। साथ ही औद्योगिक पार्क तक बेहतर सड़क संपर्क और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
इस योजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास और आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। विभाग ने जनपद के इच्छुक निवेशकों, उद्यमियों और डेवलपर्स से योजना का लाभ उठाकर इटावा में औद्योगिक विकास में भागीदारी करने की अपील की है।



