
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही नहीं होगी सहन – कलेक्टर
कलेक्टर ने अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान;मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने नॉन अटेंडिंग शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई विभागों में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण बड़ी संख्या में लंबित है। इनका निराकरण करके विभागीय ग्रेडिंग में सुधार करें। इससे जिले की ग्रेडिंग में भी सुधार होगा। शिकायतों को शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि के बाद ही बंद करें। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने साप्ताहिक टीएल बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्कूल चलें हम अभियान के तहत सभी शालाओं में प्रवेशोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत चार अप्रैल को सभी अधिकारी निर्धारित स्कूलों में जाकर प्रवेशोत्सव में भागीदारी निभाएं तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रेरित करें। कलेक्टर ने ई-विकास, जलजीवन मिशन, फार्मर आईडी, ई-केवाईसी कार्यों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पेट्रोल पंपों तथा गैस एजेंसिंयों के निरीक्षण की कार्यवाही लगातार करें। एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी होटलों तथा अन्य संस्थानों का निरीक्षण करके खाद्य पदार्थों के नियमित रूप से नमूने लें। खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर जुर्माने की कार्यवाही प्रस्तावित करें।
कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित खरीदी केन्द्रों में 15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेंहू का उपर्जान किया जाएगा। इसके साथ-साथ कृषि उपज मंडियों में चना, मसूर और सरसों का भी उपार्जन किया जाएगा। सभी खरीदी केन्द्रों में आवश्यक मात्रा में बारदाने, तौलकांटे, हम्माल, उपार्जित अनाज के भण्डारण तथा किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें। राजस्व अधिकारी खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करके उपार्जन की मॉनीटरिंग करें। सरसों में इस समय किसानों को मंडियों में अच्छा भाव मिल रहा है। निर्धारित माडल रेट से कम दर पर बिक्री होने पर किसानों को एक अप्रैल से 30 मई की अवधि में भावांतर योजना का भी लाभ दिया जा रहा है। इसकी जानकारी प्रत्येक खरीदी केन्द्र तथा कृषि उपज मंडियों में फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित कराएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को लोक सेवा गारंटी योजना में समय सीमा से बाहृय प्रकरणों पर जुर्माने की कार्रवाई तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान तथा संकल्प से समाधान अभियान के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कार्यपालन यंत्री पीएचई अभियान चलाकर खराब हैण्डपंपों में सुधार कराएं। गर्मियों में सभी बसाहटों में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। पेयजल व्यवस्था के संबंध में कंट्रोल रूम में प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्यवाही करें। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर पवन गौरैया, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीम हनुमना राजेश मेहता, जिला प्रबंधक लोक सेवा धीरज प्रताप सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसडी पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



