
पीएमजेएवाय और एमजेपीजेएवाय योजनाओं का पालन न करने वाले निजी अस्पतालों पर होगी कड़ी कार्रवाई – स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर
प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना एवं महात्मा ज्योतिराव फुले जनआरोग्य योजना की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, – प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना (PMJAY) एवं महात्मा ज्योतिराव फुले जनआरोग्य योजना (MJPJAY) का सही तरीके से पालन न करने वाले पैनल में शामिल निजी अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने दिए।
आकुर्डी स्थित ग.दि. माडगूळकर सभागार में आयोजित इस विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री आबिटकर ने की। बैठक में पुणे, नाशिक, कोल्हापुर, अहिल्यानगर और छत्रपति संभाजीनगर संभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक तथा तृतीय पक्ष प्रशासक (TPA) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में पालकमंत्रियों के साथ अलग से बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की जाए। साथ ही जिला समन्वयक और क्षेत्रीय प्रबंधक स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सीधे संपर्क कर योजनाओं की जानकारी दें और समन्वय बनाए रखें।
समीक्षा के दौरान यह भी जांचा गया कि सरकारी अस्पतालों में योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से हो रहा है या नहीं। सभी सरकारी अस्पतालों को निर्देश दिए गए कि वे पैनल में शामिल होकर पात्र मरीजों का उपचार इन योजनाओं के तहत ही करें।
पैनल में शामिल निजी अस्पतालों के खिलाफ यदि किसी प्रकार की शिकायत मिलती है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रत्येक जिले में कम से कम 100 या उससे अधिक बेड वाले अस्पतालों को योजना से जोड़ने के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि पीएमजेएवाय और एमजेपीजेएवाय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रशासन इस दिशा में और तेजी से कार्य करेगा।



