
भविष्य से भेंट कार्यक्रम में गुरु की भूमिका में नजर आए अधिकारी, छात्रों को दिए सफलता के मंत्र
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज जिले के सरकारी स्कूलों में 4 अप्रैल का दिन सामान्य दिनों से कुछ खास और प्रेरणादायक रहा। ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत आयोजित चार दिवसीय प्रवेशोत्सव के अंतिम दिन जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम के जरिए स्कूलों की चौखट पर दस्तक दी। यहाँ अधिकारी किसी प्रशासक के रूप में नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक और शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों के बीच पहुंचे।
नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ एक कालखंड बिताया। उन्होंने न केवल अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा किया, बल्कि बच्चों को यह भी सिखाया कि कैसे बड़े लक्ष्य निर्धारित किए जाते हैं और उन्हें हासिल करने के लिए किन रास्तों पर चलना पड़ता है। अधिकारियों के प्रेरक उद्बोधन ने विद्यार्थियों में नया उत्साह भर दिया।
इस सीधा संवाद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के मन से प्रशासनिक अधिकारियों का भय दूर करना और उन्हें करियर के प्रति जागरूक करना था। अधिकारियों ने बच्चों के सवालों के जवाब दिए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। प्रवेशोत्सव के इस समापन कार्यक्रम ने यह संदेश दिया गया कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुभवों का आदान-प्रदान ही भविष्य की असली नींव है।


