
संकल्प से समाधान अभियान अन्तर्गत शत-प्रतिशत आवेदनों का हुआ निराकरण
प्रभारी मंत्री द्वारा गत दिवस की गयी संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा
शिविर में प्राप्त 48349 आवेदनों का हुआ निराकरण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज, मध्यप्रदेश
मऊगंज . पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने गत दिवस संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि अभियान अन्तर्गत आयोजित 35 शिविरों में प्राप्त 48349 आवेदनों में से 47199 आवेदनों का निराकरण किया गया। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि शेष आवेदनों का दो दिवस में निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री के निर्देश पर आज शेष आवेदनों का निराकरण कर दिया गया। इस प्रकार 48349 आवेदन निराकृत किये गये और अब शत-प्रतिशत आवेदनों का निराकरण हो गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में प्रथम चरण में 15 जनवरी से 15 फरवरी तक ग्राम पंचायत स्तर पर द्वितीय चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च तक क्लस्टर स्तर पर तथा तृतीय चरण में 16 मार्च से 26 मार्च तक ब्लाक स्तर पर शिविर आयोजित किये गये। चतुर्थ चरण में 26 मार्च से 31 मार्च तक जिला स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया तथा प्राप्त आवेदनों पर समाधानकारक कार्यवाही की गई। गत दिवस कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी आकृति सेन, आरूही गुप्ता एवं रिया गुप्ता को हितलाभ वितरित किया। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही श्रीमती रक्षा केशरवानी को भी प्रभारी मंत्री ने हितलाभ वितरित किया। गत दिवस आयोजित बैठक में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

