प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में न बरतें ढिलाई, एचपीवी टीकाकरण में लाएं तेजी – कलेक्टर 

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में न बरतें ढिलाई, एचपीवी टीकाकरण में लाएं तेजी – कलेक्टर 

बिजली बिल बकायादारों को पंचायत स्तर पर किया जाएगा सार्वजनिक – कलेक्टर

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में टी.एल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए सीमांकन, बंटवारा एवं फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन की तहसीलवार प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए गंभीरता से कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करें। कलेक्‍टर ने ऊर्जा विभाग, गृह विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ यांत्रिकी विभाग, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के लंबित सीएम हेल्‍पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अंतर्गत लंबित सीएम हेल्‍पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और जननी सुरक्षा योजना से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये।

 

जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को मकान नंबरिंग का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी बीएमओ को टीकाकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि टीम गठित कर स्कूलों में जाकर एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर ऐसे उपभोक्ताओं की सूची सार्वजनिक की जाए, जिनके बिजली बिल लंबे समय से अधिक मात्रा में बकाया हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग एवं पंचायत सचिव आपसी समन्वय से ग्रामवार बकायेदारों की सूची तैयार करें और उसे पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किया जाए, ताकि आमजन को जानकारी मिल सके।

 

 

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बिजली बिलों की नियमित वसूली सुनिश्चित करना आवश्यक है, जिससे विद्युत सेवाओं का सुचारू संचालन बना रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बकाया वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा उपभोक्ताओं को समय पर भुगतान के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि जिन उपभोक्ताओं पर अधिक राशि बकाया है, उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर भुगतान हेतु जागरूक किया जाए। साथ ही, आवश्यक होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संभावित पेयजल संकट के लिए चिन्हित बसाहटों में ग्रीष्मकाल के दौरान सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना बनाये।कलेक्टर ने सभी हैंडपंपों की जांच कर उनकी तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। जिन हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं है, उन पर लाल रंग से क्रॉस चिन्हित कर ग्रामीणों को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button