जनगणना के प्रथम-चरण के प्रचार-प्रसार के लिए निर्देश जारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार जैन ने जनगणना के प्रथम चरण के प्रचार-प्रसार के लिए तहसील और नगर परिषदों के चार्ज अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य आगामी एक से 30 मई के बीच संपन्न होगा, जबकि नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी। जनगणना के प्रति जनसामान्य में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध विभिन्न निःशुल्क संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया है।
कलेक्टर ने कहा है कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों के ऑडियो सिस्टम, प्रमुख चौराहों के सार्वजनिक उद्घोषणा तंत्र और शासकीय कार्यालयों के एलईडी डिस्प्ले का सहारा लिया जाएगा, जहां जनगणना से संबंधित संदेशों, वीडियो और स्लोगन का निरंतर प्रदर्शन होगा। इसके अतिरिक्त, स्थानीय केबल नेटवर्क और जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी नागरिकों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। कलेक्टर ने सभी चार्ज अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन प्रचार गतिविधियों को संचालित करने और की गई कार्यवाही की रिपोर्ट फोटो व वीडियो सहित कलेक्ट्रेट स्थित जनगणना कक्ष को भेजने के निर्देश दिए हैं। जनगणना की संवेदनशीलता और निर्धारित समय सीमा को देखते हुए इस कार्य को अति-आवश्यक श्रेणी में रखा गया है।

