
भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सामाजिक समता सप्ताह का शुभारंभ
पुणे विभाग में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन; अधिक से अधिक नागरिक लें लाभ — प्रादेशिक उपायुक्त वंदना कोचुरे
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे,: सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग की ओर से 8 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक ‘भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सामाजिक समता सप्ताह’ के अंतर्गत पुणे विभाग के पुणे, सातारा, सोलापुर, कोल्हापुर और सांगली जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का अधिक से अधिक नागरिक लाभ उठाएं, ऐसा आवाहन समाज कल्याण विभाग की प्रादेशिक उपायुक्त वंदना कोचुरे ने किया है।
प्रादेशिक कार्यालय में वंदना कोचुरे के हस्ते डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा का पूजन कर सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक (वित्त व लेखा) अनिल गिते, सहायक आयुक्त विशाल लोंढे, माधुरी वाघमोडे, ज्ञानेश्वर जावळे तथा अन्य समाज कल्याण अधिकारी उपस्थित थे। आयोजित पत्रकार परिषद में सप्ताह की जानकारी देते हुए भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वितरण भी किया गया।
इस सप्ताह के माध्यम से सामाजिक समता, महापुरुषों के विचार तथा शासकीय योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पुणे विभाग के सभी जिलों में शहरी और ग्रामीण स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है।
कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार है:
9 अप्रैल: युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालयों एवं शासकीय छात्रावासों में महाड चवदार तालाब सत्याग्रह शताब्दी वर्ष, संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती तथा आंबेडकरी विचारों पर व्याख्यान एवं वक्तृत्व प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
10 अप्रैल: योजना प्रबोधन कार्यक्रम के तहत समता दूतों द्वारा पथनाट्य एवं लघुनाटिकाओं के माध्यम से शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही ‘मार्जिन मनी’ योजना के लाभार्थियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित होगी।
11 अप्रैल: महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती (द्विशताब्दी वर्ष) के उपलक्ष्य में उनके सामाजिक कार्यों पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
12 अप्रैल: संविधान जागर एवं महिला सम्मेलन के अंतर्गत संविधान के मूलभूत अधिकारों और कर्तव्यों पर व्याख्यान तथा महिला सशक्तिकरण हेतु विशेष महिला मेळावा आयोजित किया जाएगा।
13 अप्रैल: सामाजिक बांधिलकी उपक्रम के तहत वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन, रक्तदान शिविर तथा स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कोल्हापुर में औद्योगिक मार्गदर्शन कार्यशाला भी होगी।
14 अप्रैल: डॉ. आंबेडकर की जयंती पर उन्हें अभिवादन कर व्याख्यान एवं चर्चासत्र आयोजित किए जाएंगे तथा इसी के साथ सामाजिक समता सप्ताह का समापन होगा।

