
पुणे फोटोग्राफर्स एसोसिएशन का ‘फोटो फेयर’ उत्साह के साथ संपन्न
स्थापना दिवस पर विशेष सम्मान समारोह; कैमरा रिपेयर विशेषज्ञों का हुआ सम्मान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे : पुणे फोटोग्राफर्स एंड वीडियोग्राफर्स एसोसिएशन के 10वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘फोटो फेयर’ और ‘विशेष सम्मान समारोह’ पुणे में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस प्रदर्शनी में फोटोग्राफी क्षेत्र की विश्वस्तरीय आधुनिक तकनीकों का अनुभव शहर के फोटोग्राफर्स को एक ही छत के नीचे प्राप्त हुआ।
प्रदर्शनी का उद्घाटन माननीय कांजी भाई और सोनी कंपनी के अभिजीत द्वारा फीता काटकर किया गया। इस फेयर में निकॉन, कैनन, लुमिक्स, फुजी, एचपी, डिजिटेक और गोडॉक्स जैसे प्रसिद्ध ब्रांड्स सहित फोटो लैब व कैमरा उपकरणों के कुल 18 स्टॉल लगाए गए थे। पुणे के 600 से अधिक फोटोग्राफर्स ने इसमें भाग लेकर नए कैमरे, लेंस और लाइटिंग तकनीक की जानकारी प्राप्त की।
‘कैमरा डॉक्टरों’ का विशेष सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कैमरा रिपेयर विशेषज्ञों का सम्मान रहा। इस अवसर पर कहा गया कि जिस प्रकार डॉक्टर मानव शरीर की देखभाल करते हैं, उसी प्रकार ये विशेषज्ञ फोटोग्राफर्स के कैमरों को नया जीवन देने का काम करते हैं। पुणे के उपमहापौर परशुराम वाडेकर के हाथों शहर के सात प्रमुख कैमरा रिपेयर विशेषज्ञों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध इंडस्ट्रियल फोटोग्राफर विश्वास सोरटे ने की। साथ ही एसोसिएशन द्वारा आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन और दस वर्षों की उपलब्धियों पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


