
बोपोडी में आंबेडकर जयंती पर 40 फीट ऊंची महाबोधि विहार की भव्य प्रतिकृति स्थापित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, प्रतिनिधि: भारतरत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बोपोडी स्थित राजर्षि शाहू चौक में महाबोधि विहार (बोधगया) की लगभग 40 फीट ऊंची भव्य प्रतिकृति स्थापित की गई है, जो नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस भव्य प्रतिकृति का उद्घाटन भन्ते नागघोष के हस्ते किया गया। इस अवसर पर भिक्षु संघ द्वारा बौद्ध मंत्रोच्चार किए गए, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धामय हो गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर प्रतिकृति का दर्शन किया और डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह प्रतिकृति पुणे के उपमहापौर परशुराम वाडेकर एवं पूर्व उपमहापौर सुनीता वाडेकर की संकल्पना से साकार हुई है। आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सुंदर सजावट और बारीक कलाकारी के कारण यह देखावा विशेष रूप से सराहा जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में अविनाश कदम, सनी निम्हण, सपना छाजेड, भक्ति गायकवाड सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आंबेडकर जयंती के अवसर पर बोपोडी क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।

आयोजकों के अनुसार, महाबोधि विहार मुक्ति आंदोलन को समर्थन देने के उद्देश्य से इस भव्य प्रतिकृति का निर्माण किया गया है। साथ ही राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल तथा महापौर मंजुषा नागपुरे द्वारा भी इस प्रतिकृति का दौरा किए जाने की संभावना जताई गई है।



