भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 113 पशु बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी ,बिहार
भारत-नेपाल सीमा पर पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 51वीं बटालियन ने परिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हवा बॉर्डर पर 113 पशुओं को बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक पशु तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी को सीमा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पशु तस्करी की गतिविधि की जानकारी मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी की 51वीं बटालियन ने तत्काल रणनीति बनाते हुए भारत-नेपाल सीमा पर समन्वित कार्रवाई शुरू की। जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कन्हवा बॉर्डर पर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान पाया गया कि 113 पशुओं को नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारतीय सीमा में लाया जा रहा था। एसएसबी के जवानों की मुस्तैदी और सटीक रणनीति के चलते तस्करी के इस प्रयास को विफल कर दिया गया। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य तस्कर अंधेरे और स्थिति का फायदा उठाकर भाग निकले।
प्राथमिक पूछताछ में यह मामला संगठित पशु तस्करी गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सीमा क्षेत्र में निगरानी और चौकसी और अधिक बढ़ा दी गई है, ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जा सके।
वहीं, जिला पशुपालन अधिकारी के निर्देश पर स्थानीय पशु चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा सभी बरामद पशुओं की टैगिंग कर दी गई है, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।



