
ग्राम अमोखर में जनगणना कार्य का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले के ग्राम अमोखर में संचालित जनगणना कार्य का निरीक्षण अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी पीके पांडेय तथा एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जनगणना कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के समय क्षेत्र में कार्यरत प्रगणक एवं सुपरवाइजर्स उपस्थित मिले, जिनसे अधिकारियों ने प्रत्यक्ष संवाद कर कार्य की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने संकलित की जा रही सूचनाओं की शुद्धता एवं पूर्णता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया तथा निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार से जानकारी सावधानीपूर्वक एवं सत्यापन के साथ दर्ज की जाए।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आधार पर शासन की योजनाओं का निर्माण एवं संसाधनों का वितरण सुनिश्चित किया जाता है। अतः इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही अस्वीकार्य होगी। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षणानुसार कार्य करने तथा निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसडीएम मऊगंज ने भी जनगणना कार्य में गति एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों से समन्वय स्थापित कर सही एवं अद्यतन जानकारी प्राप्त की जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, वहीं कुछ आवश्यक सुधारात्मक बिंदुओं पर मार्गदर्शन भी प्रदान किया। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सुचारू एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।



