प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

जल संरक्षण गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करें – कलेक्टर

जल संरक्षण गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करें – कलेक्टर

जल गंगा संवर्धन अभियान को अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा  कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान मुख्यमंत्री जी तथा शासन की उच्च प्राथमिकता में शामिल है। जल संरक्षण और जल संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस अभियान से गति मिली है। जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हर व्यक्ति जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों में योगदान दे। सभी अधिकारी जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार जल संरक्षण के कार्य समय सीमा में पूरे कराएं। इन कार्यों का फोटो सहित विवरण पोर्टल पर अपलोड कराएं।

 

कलेक्टर ने कहा कि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अन्य विभागों के द्वारा अभियान में किए जा रहे कार्यों में समन्वय बनाकर पोर्टल पर अपडेट जानकारी दर्ज कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट बनाने तथा अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण की जानकारी तत्काल पोर्टल में दर्ज कराएं। वृक्षारोपण की तैयारी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर अन्य विभागों के जल संरक्षण कार्य को भी पोर्टल में दर्ज कराएं। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा सभी कालेजों में आयोजित की गई जल संगोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता तथा जनजागरूकता के अन्य कार्यक्रमों का विवरण अपलोड कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी स्कूलों की पानी की टंकियों की सफाई एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दो दिवस में दर्ज कराएं।

 

कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम जल संरचनाओं को खसरे में दर्ज कराने तथा तालाबों एवं अन्य जलाशयों से अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही तत्परता से करें। अपने अनुभाग में सभी एसडीएम जल गंगा संवर्धन अभियान की मानीटरिंग करें। उप संचालक कृषि, सहायक संचालक उद्यानिकी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी अपडेट कराएं। मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से अभियान की सघन मानीटरिंग करें। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। आयुक्त नगर निगम तथा सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी नगरीय निकायों में स्वच्छता के साथ-साथ जल संरक्षण के कार्य कराएं। परंपरागत जल स्रोतों के जीर्णोद्धार, तालाबों की साफ-सफाई तथा नदियों के उद्गम स्थलों की साफ-सफाई कराएं। इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजनता का भी पूरा सहयोग लें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी दी। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button