
मऊगंज में अपर कलेक्टर ने 45 आवेदन पत्रों में की सुनवाई
रिपोर्ट : विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्य प्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय ने आमजनता के आवेदनों की सुनवाई की। उन्होंने जनसुनवाई में 45 आवेदकों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को संतुष्टिपूर्वक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कमलेश कुमार गुप्ता मऊगंज निवासी के अतिक्रमण स्थल में नाली निर्माण के आवेदन पर सहायक यंत्री लोक निर्माण विभाग को, पन्नी निवासी जनकदुलारी के सड़क मुआवजा के राशि भुगतान के आवेदन पर एसडीएम मऊगंज को, चपगवां निवासी कामता कुशवाहा के सीमांकन न कर नक्शा व खसरा में भिन्नता के आवेदन पर तहसीलदार नईगढ़ी को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। इसी प्रकार मऊगंज के वार्ड क्रमांक तीन के रहवासियों ने पानी निकासी के लिए नाली निर्माण कराए जाने के लिए आवेदन दिया जिसे अपर कलेक्टर ने सीएमओ नगर परिषद को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित किया। जनसुनवाई में पुष्पेन्द्र कुमार निवासी ग्राम हर्दी के स्थगनशुदा भूमि में जबरन कार्य करने व सीमांकन न कराए जाने के आवेदन पर तहसीलदार हनुमना को, दशरथ प्रसाद पटेल निवासी सेंगरवान के नकल प्रदाय करने के आवेदन को नकल शाखा को तथा रामदयाल पाल निवासी ग्राम भांटी के सरपंच व सचिव से चबूतरा निर्माण की राशि की वसूली के आवेदन पर सीईओ जनपद को परीक्षण उपरांत कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में जुड़मनिया रघुनाथ में पदस्थ पटवारी के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही किए जाने के आवेदन को एसडीएम मऊगंज को भेजकर परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सकील खान निवासी मऊगंज के खाद्यान्न प्रदाय करने के आवेदन को खाद्य विभाग को प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।


