
सीतामढ़ी में छात्राओं को किया गया जागरूक, महिला सुरक्षा व साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। गाढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत किशोरी प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, माणिक चौक में बुधवार को महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह निषेध एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं एवं शिक्षकगण के साथ संवाद स्थापित कर सुरक्षा, कानून एवं साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।
इस दौरान छात्राओं को महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, लैंगिक अपराध एवं महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मविश्वासी बनने, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने तथा किसी भी घटना की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस पदाधिकारियों ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी जागरूक किया। छात्र-छात्राओं को Two-Step Verification का उपयोग करने, अनजान लिंक एवं फ्रेंड रिक्वेस्ट से सावधान रहने तथा QR Code भुगतान के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, महिला हेल्प डेस्क एवं डायल-112 की जानकारी भी दी गई। अंत में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए डिजिटल साक्षरता और साइबर जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
मौके पर महिला हेल्प डेस्क (प्रभारी) गाढ़ा समेत कई पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

