
प्रभारी जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की
सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
जिला मुख्यालय स्थित सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी द्वारा आगामी सहयोग शिविर के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शिविर में आमजन को मिलने वाली सुविधाओं, विभागवार जिम्मेदारियों तथा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक विभाग अपने स्तर से आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ले।
बैठक में पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, शिकायत पंजीकरण एवं योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर के आयोजन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


