
जनसुनवाई के आवेदनों का दो दिन में शत प्रतिशत निराकरण करें – कलेक्टर
विभागीय उपलब्धियों की योजनावार जानकारी दें – कलेक्टर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का दो दिन में शत प्रतिशत निराकरण करें। आमजनता के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता से आवेदनों का निराकरण करें। शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ आमजनता तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। जनसुनवाई में जिला और विकासखण्ड स्तर पर प्राप्त होने वाले आवेदनों में तत्परता से कार्यवाही करें। आमजनता शासन प्रशासन पर विश्वास रखकर आवेदन देती है उनका विश्वास बनाये रखें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं और कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दें। इनमें कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति का भी उल्लेख करें। सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जायेंगी। राजस्व कार्यों की माह में दो बार समीक्षा की जायेगी। सभी अधिकारी निर्धारित टूर डायरी के अनुसार भ्रमण करके विभागीय कार्यों की मानीटरिंग करें। भ्रमण के दौरान की गयी कार्यवाही का प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। ग्राम जतरी और सकरबट में आमजनों से संवाद के दौरान विभागीय योजनाओं के संबंध में दिये गये निर्देशों का पालन प्रतिवेदन तथा फीडबैक दो दिवस में प्रस्तुत करें।
कलेक्टर ने कहा कि अब सभी फाइलें और पत्र केवल ई-ऑफिस के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किये जायेंगे। जिला स्तर के सभी अधिकारी ई-आफिस से ही पत्राचार करें साथ ही तहसील और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी भी समस्त जानकारियां पत्र और फाइलें ई-आफिस के माध्यम से भेंजे। हमें जिले को ई-आफिस की रैंकिंग में एक सप्ताह में टॉप टेन जिलों में शामिल कराना है। अब फाइलें हार्डकापी में कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वीकार नहीं की जायेंगी। सभी अधिकारी कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर समुचित कार्यवाही करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सभी विभाग 80 से अधिक अंक ग्रेडिंग में प्राप्त करें। निर्धारित 80 अंकों से कम निराकरण होने पर अपर कलेक्टर संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करें। जनगणना में नगरीय क्षेत्र में मकानसूचीकरण का कार्य 91 प्रतिशत हो गया है संबंधित सीएमओ तथा तहसीलदार हुजूर ग्रामीण को प्रशंसा पत्र दें। शेष सभी तहसीलदार एवं नगर निगम के चार्ज अधिकारी आज ही शत प्रतिशत फीडिंग करा दें। बैठक में कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था, समर्थन मूल्य पर गेंहू के उपार्जन, सड़कों में सुधार, जल गंगा संवर्धन अभियान तथा वृक्षारोपण की तैयारी के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य विभागों के एसडीएम, तहसीलदार तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।

