इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अवैध बस स्टैंड और स्टंटबाजी पर होगी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अवैध बस स्टैंड और स्टंटबाजी पर होगी कार्रवाई

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूल और कॉलेजों के आसपास शराब संबंधी किसी भी प्रकार के साइनेज या विज्ञापन प्रदर्शित न किए जाएं। साथ ही अवैध बस स्टैंडों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने तथा बिना नंबर प्लेट वाले डम्परों और भारी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा।

बैठक में टोल प्लाजाओं पर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश प्रसारित करने के लिए ऑडियो सिस्टम लगाए जाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सिस्टमों के माध्यम से यातायात नियमों के प्रचार के साथ देशभक्ति गीत और भजन भी प्रसारित किए जाएं। टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि ओवर स्पीडिंग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में “सावधान! दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र है” लिखे चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। विशेष रूप से मानिकपुर मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए वहां विशेष अभियान चलाने और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मंडी के सामने नाले की सफाई, स्कूली वाहनों और बसों की फिटनेस जांच, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। लोक निर्माण विभाग को आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने एआरएम को निर्देश दिए कि शहर के अंदर अनावश्यक रूप से बसों का प्रवेश न हो तथा बस स्टैंड के बाहर सड़क पर खड़ी होने वाली बसों पर रोक लगाई जाए। सभी बसों का संचालन बस स्टैंड के अंदर से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, एसीएमओ, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button