
पुणे में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘ग्रैंडपेरेंट केयर’ स्वास्थ्य अभियान शुरू
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान:पुणे,महाराष्ट्र
Venser Hospital ने लगभग 1,000 दिनों की सेवा पूर्ण होने के बाद पुणे के वरिष्ठ नागरिकों के लिए “ग्रैंडपेरेंट केयर” नामक विशेष सामाजिक स्वास्थ्य अभियान शुरू किया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तेजी से बढ़ती बुजुर्ग आबादी को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि वर्तमान में उनके कुल मरीजों में 40 प्रतिशत से अधिक वरिष्ठ नागरिक हैं। ऐसे में बुजुर्गों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक समग्र और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा मॉडल तैयार किया गया है।
अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शरून शितोळे ने कहा कि “ग्रैंडपेरेंट केयर” केवल एक स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानपूर्ण और सुरक्षित जीवन के लिए सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में शुरू किया गया अभियान है।
इस पहल के अंतर्गत बुजुर्गों के लिए नेत्र चिकित्सा, नियमित स्वास्थ्य जांच, आपातकालीन सहायता, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श तथा सामाजिक संवाद जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान को तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। “दृष्टि” कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए मोतियाबिंद एवं नेत्र संबंधी उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी। “आश्वास” योजना के अंतर्गत नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं दीर्घकालीन स्वास्थ्य सुरक्षा सेवाएं दी जाएंगी। वहीं “अपना सर्कल” कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के लिए साप्ताहिक संवाद एवं मानसिक सहयोग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बुजुर्गों के बीच बढ़ता अकेलापन एक गंभीर स्वास्थ्य और सामाजिक समस्या बनता जा रहा है। नियमित स्वास्थ्य परामर्श और सामाजिक सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से सक्रिय बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि “ग्रैंडपेरेंट केयर” अभियान के लिए पुणे में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए इच्छुक नागरिक 8055195519 पर संपर्क कर सकते हैं।

