
बकरीद पर कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं, खुले में नमाज की अनुमति नहीं : सीएम योगी
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:लखनऊ, उत्तर प्रदेश
Yogi Adityanath ने बकरीद पर्व को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि नमाज केवल निर्धारित एवं पारंपरिक स्थलों पर ही अदा की जाए और सार्वजनिक सड़कों या खुले स्थानों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ बयानबाजी या सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
सीएम योगी ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही की जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हालत में न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान परंपरा और आस्था का सम्मान करते हुए कानून का पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन को लगातार गश्त बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने त्योहार को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। सरकार का कहना है कि प्रदेशभर में त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।



