उत्तर प्रदेशइटावाप्रशासन

बकरीद को लेकर इटावा में केंद्रीय शांति समिति की बैठक, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

बकरीद को लेकर इटावा में केंद्रीय शांति समिति की बैठक, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:इटावा,उत्तर प्रदेश 

इटावा, । आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने धार्मिक प्रबुद्धजनों, संभ्रांत नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए तथा पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी दी जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी एवं खुले स्थानों पर कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

 

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को नमाज मार्गों का निरीक्षण कर जर्जर तारों को दुरुस्त करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को साफ-सफाई, चूना छिड़काव और जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखें। साथ ही कुर्बानी के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड न करने की अपील भी की।

 

एसएसपी ने कहा कि धार्मिक भावनाएं भड़काने अथवा माहौल खराब करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करने की अपील की।

 

बैठक में एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button