इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

IGRS रैंकिंग में गिरावट पर सख्त हुए एडीएम, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

IGRS रैंकिंग में गिरावट पर सख्त हुए एडीएम, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:इटावा,उत्तर प्रदेश

इटावा,  कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार की अध्यक्षता में आईजीआरएस संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग एवं शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।

 

बैठक में बताया गया कि जनपद का औसत प्रदर्शन 57 प्रतिशत है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीएम ने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनपद बॉटम-10 में पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्तर पर आईजीआरएस की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा पिछले तीन महीनों से जनपद की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की जा रही है।

 

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल औपचारिक जवाब न दिया जाए, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्या का सही समाधान और स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।

 

बैठक में विद्युत विभाग की शिकायतों पर विशेष चिंता जताई गई। बताया गया कि विभाग से संबंधित लगभग 60 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने असंतुष्ट फीडबैक दिया है। एडीएम ने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से शालीनता एवं संवेदनशीलता के साथ संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान किया जाए।

 

जिला पूर्ति विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के कार्यों पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से पोर्टल की मॉनिटरिंग करने और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में उपजिलाधिकारी न्यायिक राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button