
सघन वाहन चेकिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई, 84 वाहनों पर कार्रवाई कर वसूला 3.70 लाख जुर्माना
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा, 26 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना जसवंतनगर पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
थाना जसवंतनगर पुलिस ने बस अड्डा चौराहा, जमुनाबाग एनएच-2 तथा सराय भूपत कट क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड, स्टंट ड्राइविंग तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस द्वारा करीब 260 वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान फाल्टी नंबर प्लेट पाए जाने पर 50 ट्रकों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चला रहे 9 डंपर चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, ओवरस्पीड एवं ओवरलोडिंग से बचें तथा सुरक्षित वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



